अल्मोड़ा। NEET 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में शुक्रवार को उत्तराखंड युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क अल्मोड़ा में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा रद्द होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के सपनों की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है और शिक्षा व्यवस्था को पेपर माफियाओं के हवाले कर दिया गया है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में 22 लाख से अधिक छात्रों ने NEET परीक्षा के लिए दिन-रात मेहनत की थी। कई अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, जबकि कई परिवारों ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपने बच्चों को कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई। लेकिन परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।
वक्ताओं ने कहा कि हर वर्ष किसी न किसी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार पेपर माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मेहनती और ईमानदार छात्र बार-बार व्यवस्था की खामियों का खामियाजा भुगत रहे हैं।
युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का तथाकथित “अमृतकाल” अब युवाओं के लिए “विषकाल” बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में मेहनत और प्रतिभा की बजाय भ्रष्टाचार, पैसे और सत्ता का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच कराई जाए और इसमें शामिल अधिकारियों तथा पेपर माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन छात्रों को मानसिक और आर्थिक नुकसान हुआ है, उन्हें सरकार राहत प्रदान करे।
गोपाल भट्ट ने कहा कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि युवा अब चुप बैठने वाला नहीं है और अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगा।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगभग हर बड़ी परीक्षा विवादों और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और अभिभावकों का विश्वास शिक्षा व्यवस्था से उठता जा रहा है। युवाओं में असुरक्षा और निराशा का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नारायण दत्त पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, तारा तिवारी, अरविंद रौतेला, विकास कुमार, इसरार अहमद, नरेश बारकोटी, राधा बिष्ट, गौरव जोशी, पारस डसीला, दीक्षा सुयाल, राज चौहान, रजत कुमार, अनूप कुमार, निर्मल मेर, राहुल नैनीवाल, गौरव नेगी, योगेश जोशी, सुमित बिष्ट, वैभव पांडे, किरन आर्या, विशाल कनवाल, वीरेंद्र मलाडा, संतोष कुमार, निर्मला आर्य, काजल आर्य, मनीषा आर्य, आरती आर्य, राकेश कुमार, उमेश कुमार, सुनील कुमार, गौरव सिंह सतवाल, विशाल पडियार, अभय बोरा और आशीष संतोलिया सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे।
NEET परीक्षा रद्द होने पर युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, गांधी पार्क में फूंका भाजपा सरकार का पुतला
Leave a Comment
Leave a Comment



