अल्मोड़ा में सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा समर्पण के 25 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत अल्मोड़ा जनपद में सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में भाजपा जिला अल्मोड़ा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला मीडिया प्रभारी एवं संयोजक मनीष कुमार जोशी (मंटू) ने पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
महेश नयाल ने कहा कि ‘सेवा समर्पण के 25 वर्ष’ भाजपा की उस निरंतर यात्रा का प्रतीक हैं, जिसमें राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला व्यापक अभियान है।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर अभियान का शुभारंभ होगा। इस दौरान रक्तदान, स्वच्छता अभियान, हवन-यज्ञ सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया—जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए 14 और 15 सितंबर को जिले में दीप वितरित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके अलावा रक्तदान, स्वच्छता, जनजागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता, रंगोली कार्यक्रम और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान को जिला एवं मंडल स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अधिक से अधिक लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जनपद में 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है—सेवा भी, सहभागिता भी और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान भी।”
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, मेयर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, महामंत्री प्रकाश भट्ट, कैलाश गुरुरानी, मीडिया प्रभारी मनीष जोशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



