अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, लंबी कूद में रोहित आर्या और हर्षिता बिष्ट रहे अव्वल
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज चौरा, हवालबाग के खेल मैदान में शुक्रवार को पातलीबगड़ न्याय पंचायत के न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ 2026-27 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। मां सरस्वती की वंदना के साथ शुरू हुए आयोजन में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान उस्कोना देवेंद्र सिंह महरा और ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी ने फीता काटकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों का बैज अलंकरण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों, विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक-शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार की मौजूदगी में खेल महाकुंभ का आगाज हुआ।
मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह महरा ने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
विनोद जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेनी चाहिए। खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि इनमें बेहतर करियर की भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
ग्राम प्रधान स्यूरा प्रमोद जोशी ने कहा कि खेल स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए आवश्यक हैं। नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी नवनीत कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करती हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 लंबी कूद के बालक वर्ग में रोहित आर्या ने प्रथम, कृष्ण गंगोला ने द्वितीय और हर्षित बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में हर्षिता बिष्ट प्रथम, ममता बिष्ट द्वितीय और हिमानी बिष्ट तृतीय रहीं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वल्सा पूरन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान भनरगांव नंदन सिंह नेगी, ग्राम प्रधान कनालबूंगा अजय मेहरा, ग्राम प्रधान नाकोट के प्रतिनिधि संतोष कुमार, ग्राम प्रधान बड़सीमी अनिल कुमार टम्टा, एसएमसी अध्यक्ष भगवती पांडे, पीटीए अध्यक्ष दीपा बिष्ट सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन डॉ. मनोज चंद्र जोशी ने किया।
पातलीबगड़ न्याय पंचायत में खेल महाकुंभ का आगाज
Leave a Comment
Leave a Comment



