जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी कैलाशानंद महाराज ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की
जागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध श्री ज्योतिर्लिंग जागेश्वर धाम के समीप स्थित श्री दंडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारियों के गांव कोटुली में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षतिग्रस्त सड़क, बिजली की समस्या और रात के समय अंधेरे में रहने वाले मार्गों की समस्या को लेकर जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी एवं महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज (कैलाश चंद्र भट्ट) ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में उन्होंने कोटुली गांव की तीन प्रमुख समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी गांव की मुख्य सड़क भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से 250 से अधिक परिवारों के साथ ही होमस्टे संचालकों, श्रद्धालुओं और जागनाथ धर्मार्थ आश्रम के निर्माण कार्य में जुटे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
कैलाशानंद महाराज ने गांव की बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गांव में मात्र 25 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। आबादी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में होमस्टे, आश्रम और होटल संचालित होने से विद्युत खपत बढ़ गई है। ऐसे में मौजूदा ट्रांसफार्मर की क्षमता अपर्याप्त साबित हो रही है। ग्रामीणों को आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता है।
उन्होंने कोटुली में 100 किलोवाट क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है, ताकि बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के अनुरूप विद्युत व्यवस्था सुचारु हो सके।
इसके अलावा दंडेश्वर मंदिर में देर रात तक धार्मिक सेवाएं देने वाले पुजारियों और ग्रामीणों के लिए सड़क पर प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया है। रात के समय मार्ग पर अंधेरा रहने से जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इसको देखते हुए कोटुली गांव तक सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई है।
महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को तत्काल निर्देशित कर सड़क की मरम्मत, 100 किलोवाट का नया ट्रांसफार्मर लगाने और सोलर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ग्रामीणों के साथ श्रद्धालुओं और क्षेत्र में आने वाले अन्य लोगों को भी राहत मिलेगी।
कोटुली गांव में बदहाल सड़क, बिजली और अंधेरे से ग्रामीण परेशान
Leave a Comment
Leave a Comment



