16 से 23 सितंबर तक मंदिर परिसर और एडम्स मैदान में होंगे धार्मिक, सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रम
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के लिए तैयार है। इस वर्ष आठ दिवसीय मां नंदादेवी मेला 16 से 23 सितंबर तक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक रंगों के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए मां नंदादेवी मंदिर परिसर के साथ एडम्स मैदान में भी विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेला समिति की ओर से नंदादेवी मंदिर परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित कर मेले की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। मेले के शुभारंभ अवसर पर भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं कार्यक्रमों को और आकर्षक बनाने के लिए दिल्ली और मुंबई से भी कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है।
मेले के धार्मिक आयोजनों में कदली वृक्ष आमंत्रण की परंपरा का विशेष महत्व है। 17 सितंबर को मां नंदादेवी की मूर्ति निर्माण के लिए कदली वृक्षों को आमंत्रित किया जाएगा। 18 सितंबर को अष्टमी के अवसर पर कदली वृक्षों को मां नंदादेवी मंदिर परिसर में लाया जाएगा। इसके बाद पारंपरिक विधि-विधान के साथ इन्हीं कदली वृक्षों से मां नंदादेवी की प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेला समिति के अनुसार मां नंदादेवी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की ऐतिहासिक पहचान, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालु और पर्यटक भी पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और कार्यक्रमों को आकर्षक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया है।
मेले के माध्यम से अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों की समृद्ध लोक सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक मंच देने का भी प्रयास किया जाएगा। 23 सितंबर को मां नंदादेवी के डोले की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विसर्जन के साथ आठ दिवसीय मेले का समापन होगा।
पत्रकार वार्ता में मेला समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट, संरक्षक अनूप साह, रवि गोयल, मुन्ना वर्मा, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मां नंदादेवी के जयकारों से गूंजेगा अल्मोड़ा, 16 से शुरू होगा आठ दिवसीय मेला
Leave a Comment
Leave a Comment



