कहा—लाभार्थियों की खुशी को राजनीतिक प्रचार बताना कांग्रेस की हताशा का परिचायक
अल्मोड़ा। भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब इतनी हताश हो चुकी है कि उसे गरीब के घर जलने वाला दीपक भी प्रधानमंत्री का प्रचार नजर आने लगा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अपने घरों के आगे दीप जलाना किसी पर थोपा गया राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उन परिवारों की खुशी और विश्वास की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं के माध्यम से बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को लाभार्थियों की खुशी से भी आपत्ति है तो उसे जनता से माफी मांगनी चाहिए।
विनीत बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस लगातार करदाताओं के पैसे की बात कर रही है। जनता यह भी जानना चाहती है कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने गरीबों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई, जैसी वर्तमान समय में देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी बजट जनता का पैसा है और उस धन का सही दिशा में उपयोग करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, पूर्व में भी जनता का पैसा योजनाओं पर खर्च होता था, लेकिन आज हर घर तक शौचालय, गरीब परिवारों को पक्के मकान, महिलाओं को स्वरोजगार तथा विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचने की गति और पारदर्शिता जनता के सामने है।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने कहा कि लाभार्थी किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं, बल्कि स्वतंत्र नागरिक हैं। यदि किसी महिला को लखपति दीदी बनने पर खुशी होती है, किसी परिवार को पक्का मकान मिलने पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने की इच्छा होती है या किसी युवा को रोजगार मिलने पर वह अपनी खुशी जाहिर करता है, तो कांग्रेस यह तय नहीं कर सकती कि वह अपनी खुशी किस तरह व्यक्त करे।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या गरीब परिवारों के पक्के मकान बनने, महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर होने और विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने की खुशी भी उसे राजनीतिक प्रचार दिखाई देती है।
विनीत बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस को दीपक से नहीं, बल्कि उस उजाले से परेशानी है जो उसके राजनीतिक अंधकार को जनता के सामने उजागर कर रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की धमकी देने से कांग्रेस की जमीन पर स्थिति नहीं बदलने वाली। जनता अब केवल भाषण नहीं, बल्कि परिणाम देखती है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि यदि उन्हें वास्तव में जनता की चिंता है तो वे दीपक बुझाने की राजनीति छोड़कर उन घरों में जाएं, जहां सरकारी योजनाओं से खुशियां आई हैं। गरीब की खुशी किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, बल्कि सुशासन की गवाही है।
गरीब के घर जलता दीपक भी कांग्रेस को प्रधानमंत्री का प्रचार नजर आता है: विनीत बिष्ट
Leave a Comment
Leave a Comment



