बंद नाले और जाम कलमठ बने आफत; स्थानीय लोगों ने चंदा जुटाकर कराया मलबा हटाने का कार्य
अल्मोड़ा। लगातार हो रही बारिश ने पांडेखोला क्षेत्र में नगर निगम की तैयारियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम के लंबे समय से बंद पड़े नालों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के जाम कलमठ के कारण बारिश का पानी और भारी मात्रा में मलबा सीधे स्थानीय लोगों के घरों के आंगन और छतों तक पहुंच गया। इससे कई परिवारों को नुकसान उठाना पड़ा और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार नालों की सफाई के लिए अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर आपदा विभाग और एनएच की टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जबकि नगर निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
क्षेत्र की पार्षद ज्योति साह ने नगर निगम के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब निगम की ओर से कोई सहायता नहीं मिली तो स्थानीय लोगों ने स्वयं धन एकत्र कर मजदूर लगाकर मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नालों और जल निकासी व्यवस्था की सफाई कराई जाती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
पार्षद ने प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने, बंद नालों की तत्काल सफाई कराने तथा बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून में ऐसी समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।



