‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण, कहा- प्रकृति संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी
अल्मोड़ा। हरेला पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार को जनपद अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद पौधारोपण कार्यक्रम तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रदेशवासियों से प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वयं निभानी चाहिए। यदि लगाए गए पौधों का सही ढंग से संरक्षण किया जाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण की अमूल्य धरोहर मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि हाल ही में वृद्ध जागेश्वर और जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के दौरान उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई। यही ऊर्जा उन्हें प्रदेशवासियों की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून तथा कठोर नकल विरोधी कानून लागू कर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने “सेवा, सुशासन और समर्पण” के पांच वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान चलाकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगर अपनी बौद्धिक परंपरा, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व के कारण देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बीते पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के अनेक नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना और सतत विकास लक्ष्यों के क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का जागेश्वर क्षेत्र से विशेष आत्मीय जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में लगभग 25 बार जागेश्वर क्षेत्र का भ्रमण कर चुके हैं, जो क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्र के लिए की गई विकास घोषणाओं पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वरोजगार तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित शिविरों का लाभ उठाया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
वृद्ध जागेश्वर का समग्र विकास किया जाएगा।
वृद्ध जागेश्वर मंदिर के लिए पेयजल योजना बनाई जाएगी।
जागेश्वर धाम, ऐरावत गुफा, जटा गंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग एवं आरतोला से जागेश्वर तक स्थित मंदिरों का पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास किया जाएगा।
आरतोला के निकट राज्य अतिथि गृह का निर्माण किया जाएगा।
जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर एवं आरतोला क्षेत्र में नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे।
आरतोला पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा।
आरतोला-जागेश्वर मोटर मार्ग पर आरसीसी नालियां एवं पेव्ड शोल्डर का निर्माण किया जाएगा।
दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, भावना मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल, सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हरेला पर अल्मोड़ा को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, जागेश्वर क्षेत्र के लिए आठ अहम घोषणाएं
Leave a Comment
Leave a Comment



