कोलकाता के ख्यातिप्राप्त नर्तक एवं कोरियोग्राफर अल्मोड़ा में लगाएंगे निःशुल्क कार्यशाला, बच्चों के आने-जाने की भी होगी व्यवस्था
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत के लिए पहचान रखने वाले अल्मोड़ा में एक बार फिर नृत्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल की जा रही है। भारत के प्रसिद्ध नर्तक, कोरियोग्राफर एवं उदय शंकर शैली के विशिष्ट जानकार जयदीप पालित कोलकाता से अल्मोड़ा पहुंचकर 13,14,15 नवम्बर को उदय शंकर नाट्य एकेडमी अल्मोड़ा में यहां के बच्चों को रचनात्मक नृत्य का प्रशिक्षण देंगे।
जयदीप पालित नृत्य जगत में अपनी विशिष्ट मंचीय प्रस्तुति, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और नवीन नृत्य संरचनाओं के लिए पहचाने जाते हैं। वे उदय शंकर की रचनात्मक नृत्य परंपरा के प्रति समर्पित हैं। इस शैली में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक परंपराओं, लय, भाव-भंगिमाओं और कल्पनाशीलता का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है।
वे हृताल डांस सेंटर के संस्थापक एवं कलात्मक मार्गदर्शक हैं। वर्षों से वे नृत्य प्रस्तुतियों के साथ-साथ प्रशिक्षण और नई पीढ़ी के कलाकारों को तैयार करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी कार्यशालाओं में केवल नृत्य की तकनीक ही नहीं, बल्कि भाव, विचार, लय और कहानी को शारीरिक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
अल्मोड़ा के लिए यह कार्यशाला विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इस नगर का उदय शंकर की कला यात्रा और रचनात्मक नृत्य परंपरा से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में जयदीप पालित का यहां आकर बच्चों को प्रशिक्षण देना स्थानीय प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
आयोजकों की ओर से इच्छुक बच्चों के लिए कार्यशाला पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। साथ ही बच्चों के आने-जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। जो बच्चे इस कार्यशाला में प्रतिभाग करना चाहते हैं, वे संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उदय शंकर की रचनात्मक नृत्य शैली का प्रशिक्षण देंगे प्रसिद्ध नर्तक जयदीप पालित
Leave a Comment
Leave a Comment




