राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन प्रवीण डावर बोले- कांग्रेस का इतिहास देशप्रेम और शहादत का, विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत
अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय अल्मोड़ा में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग की कार्यकारिणी बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश चेयरमैन डॉ. प्रदीप जोशी ने की, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन प्रवीण डावर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को स्थानीय विधायक मनोज तिवारी का संरक्षण प्राप्त रहा।
इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूती मिलती है। साथ ही कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन प्रवीण डावर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास देशप्रेम, संघर्ष और शहादत से जुड़ा हुआ है। पंडित जवाहरलाल नेहरू को नए भारत का शिल्पी बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में पार्टी के योगदान से प्रत्येक कार्यकर्ता को परिचित होना चाहिए।
उन्होंने आरएसएस की विचारधारा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उससे जुड़े लोगों की भूमिका पर गंभीर सवाल रहे हैं। उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि नाथूराम गोडसे को मानने वाली विचारधारा देश को सही दिशा में आगे नहीं ले जा सकती।
कैप्टन डावर ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा और नीतियों की जानकारी रखते हुए जनता के बीच अपनी बात तर्कपूर्ण ढंग से रखनी चाहिए। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं महिला सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी, तारा चंद्र साह, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, प्रदेश सचिव दीप चन्द्र सिंह डॉगी, जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत तथा विचार विभाग के जिला कोऑर्डिनेटर बीएस बगडवाल ने भी विचार रखे।
बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने किया। इस दौरान गोपाल सिंह चौहान, नारायण दत्त, हेमंत पाठक, रूप रावत, धीरेंद्र प्रकाश जोशी, राजेंद्र उपाध्याय, कृष्ण चंद्र जोशी, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी, पंकज पॉल, मासी बस जीना, एडवोकेट वैभव, देवेन तमता, लक्ष्मण कोरंगा, राजेंद्र सिंह टाकुली, कपिल कंवल, मुकेश दानी, पत्रकार रमेश जावत, अख्तर हुसैन, किरण आर्य, विक्रम सिंह फर्त्याल, मोहम्मद दानिश खान, पंकज मीर, हेमचंद जोशी, हरीश उप्रेती और राजेश आर्य सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा में कांग्रेस विचार विभाग की कार्यकारिणी बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित
Leave a Comment
Leave a Comment




