अल्मोड़ा। 25वें रचना दिवस महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने जा रहे नवांकुर कला संगम में बाल एवं किशोर प्रतिभाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी में भारतीय शास्त्रीय कलाओं के प्रति रुचि, सम्मान और जागरूकता विकसित करने के साथ ही इनकी समृद्ध परंपरा एवं सांस्कृतिक गरिमा को संरक्षित करना है।
प्रतियोगिता में शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय वादन एवं शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं को शामिल किया गया है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में केवल प्रस्तुति की आकर्षकता को ही आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि शास्त्रीयता, तकनीकी दक्षता, अनुशासन, भावाभिव्यक्ति, साधना और मंचीय गरिमा को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। प्रतियोगिता पूर्णतः अव्यावसायिक कला-साधकों के लिए निर्धारित है। इसमें फिल्मी गीतों अथवा फिल्मी रचनाओं की प्रस्तुति प्रतिबंधित रहेगी।
प्रतिभागियों को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। बाल वर्ग में 10 से 13 वर्ष तथा किशोर वर्ग में 14 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल होंगे। दोनों वर्गों का मूल्यांकन अलग-अलग किया जाएगा। प्रतिभागियों की संख्या कम होने पर भी दोनों आयु वर्गों को एक साथ नहीं मिलाया जाएगा।
एकल प्रतियोगिता के लिए प्रति विषय, प्रति वर्ग एवं प्रति प्रतिभागी 500 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं समूह गान और समूह नृत्य के लिए प्रति दल एक हजार रुपये शुल्क देना होगा। एकल प्रतियोगिता में अधिकतम दो संगतकार तथा समूह गान एवं समूह नृत्य में अधिकतम आठ प्रतिभागी और चार संगतकार शामिल हो सकेंगे। संगतकारों की व्यवस्था आयोजक समिति से कराने पर पूर्व सूचना और निर्धारित 200 रुपये शुल्क देना होगा।
प्रतियोगियों को भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होना अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। नृत्य प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति के संगीत की ध्वनि संचिका पेनड्राइव में कार्यक्रम से पर्याप्त समय पहले उपलब्ध करानी होगी। इलेक्ट्रॉनिक तानपुरे के प्रयोग की अनुमति रहेगी।
शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य की अलग-अलग शैलियों में पृथक प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए संबंधित आयु वर्ग में कम से कम चार पंजीकरण आवश्यक होंगे। इससे कम संख्या होने पर संबंधित प्रतिभागियों को व्यापक श्रेणी में सम्मिलित किया जा सकता है।
पंजीकरण शुल्क बैंक ऑफ इंडिया, अल्मोड़ा शाखा में मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति के खाते संख्या 689020110000046 में जमा किया जा सकता है। आईएफएससी कोड BKID0006890 है। इसके अतिरिक्त 9412306663 पर यूपीआई से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। भुगतान की रसीद अथवा छायाचित्र समिति को भेजना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए समिति के ईमेल mus.samiti@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
नवांकुर कला संगम में शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, 25 नवंबर तक करें आवेदन
Leave a Comment
Leave a Comment




