जिला सूचना कार्यालय में आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों व पत्रकारों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
अल्मोड़ा।
जिला सूचना कार्यालय, अल्मोड़ा में कार्यरत अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार के जनपद पिथौरागढ़ स्थानांतरण के अवसर पर शुक्रवार को कार्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सुंदर कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यकुशलता, सहयोगात्मक व्यवहार और सकारात्मक कार्यशैली ने कार्यालय की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि सुंदर कुमार अपने नए कार्यस्थल पिथौरागढ़ में भी इसी लगन और प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं देंगे।
विदाई समारोह में सुंदर कुमार ने अल्मोड़ा में बिताए अपने कार्यकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि यहां कार्य करने का अनुभव उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहा। उन्होंने कार्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों के स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने भी सुंदर कुमार के साथ अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए उनके सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की तथा पिथौरागढ़ में उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार को भावभीनी विदाई, पिथौरागढ़ स्थानांतरण पर दी शुभकामनाएं
Leave a Comment
Leave a Comment



