विनोद वाटिका में पौधारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का लिया संकल्प
अल्मोड़ा।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा के तत्वावधान में चौहान पाटा स्थित विनोद वाटिका में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमाऊँ क्षेत्र की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने कहा कि प्रकृति परमात्मा की अनुपम धरोहर है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे जनजागरण अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वृक्षारोपण सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व बन गया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, डॉ. वसुधा पंत, डॉ. ऊषा उप्रेती, बीके हेमेंद्र जोशी, रजनी पंत, अजय तिवारी, अमर सिंह, हेमंत पांडे, वंदना पांडे, सावित्री, नीरू जोशी, कमला धपोला सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ के भाई-बहनों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।



