
अब CCTV की नजर में चालक: नियम तोड़े तो सीधे ऑनलाइन चालान, एसएसपी के सख्त निर्देश
खबर सत्यवार्ता संवाददाता
अल्मोड़ा।
जनपद में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब यातायात नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है। विभिन्न प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कंट्रोल रूम से 24×7 निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों—जैसे नो पार्किंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और तीन सवारी बैठाना—पर लगातार ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही, नगर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगाए गए पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) के माध्यम से आमजन और वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। पीए सिस्टम के जरिए लोगों को निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने, हेलमेट पहनने और अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
एसएसपी ने कंट्रोल रूम को निर्देश दिए हैं कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न होने या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस की अपील:
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और पर्यटन सीजन के दौरान सहयोग देकर शहर को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।



