
खबर सत्यवार्ता संवाददाता
अल्मोड़ा।
नगर की जर्जर सड़कों से परेशान आमजन को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अल्मोड़ा में सड़कों के सुधार हेतु हॉट मिक्स का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश गुरुरानी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता हर्षित गुप्ता से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर अधिशाषी अभियंता ने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक टेंडर प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं और निर्धारित समय के भीतर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी ने कहा कि विपक्ष जानकारी के अभाव में सड़कों को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में ही इस कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप कर्बला से लक्ष्मेश्वर तक हॉट मिक्स के टेंडर स्वीकृत हो चुके हैं।
इसके अतिरिक्त कर्बला से धारानौला तक पेचिंग वर्क के टेंडर भी स्वीकृत हो गए हैं, जिन पर जल्द ही कार्य शुरू होगा।
पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री लगातार विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दे रहे हैं। जिस सड़क को लेकर विपक्ष हंगामा कर रहा है, उस पर हॉट मिक्स की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठा श्रेय लेने के उद्देश्य से सोशल मीडिया के माध्यम से सड़कों के गड्ढों का मुद्दा उठा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि पिछले दो माह से सड़क सुधार कार्य की प्रक्रिया जारी है, जिसके सभी दस्तावेज लोक निर्माण विभाग में उपलब्ध हैं।
उन्होंने आगे बताया कि लक्ष्मेश्वर, एकता भवन, अरोमा ऑटोमोबाइल और अल्मोड़ा बुक डिपो के पास प्रस्तावित कल्वर्ट निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता से वार्ता करने वालों में पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन बिष्ट, मनोज सनवाल और कृष्ण बहादुर सिंह शामिल रहे।



