साहित्य.अदब ट्रस्ट के आयोजन में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व विशिष्ट महिलाओं का सम्मान
अल्मोड़ा। साहित्य.अदब ट्रस्ट (भारत), अल्मोड़ा की संकल्प योजना ‘सपनों को पंख’ का भव्य आयोजन मंगलवार को एडम्स सभागार, अल्मोड़ा में किया गया। कार्यक्रम में चयनित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान किट एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, बैंकिंग, कला, खेल और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विशिष्ट महिलाओं में समाजसेवी मीता उपाध्याय, प्रधानाचार्य ज्योत्सना लाल, मीनू संगीता सिंह, पार्षद वंदना वर्मा, ब्लॉगर प्रीति साह, बैंकर श्वेता उपाध्याय, गायिका पूनम पाठक तथा खिलाड़ी हीरा कनवाल आदि शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रेरणादायी मोटिवेशन गीत की प्रस्तुति भी दी गई। वहीं ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. दीपा गुप्ता ने ‘मौन’ विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने मौन के महत्व को जीवन, आत्मचिंतन और मानसिक संतुलन से जोड़ते हुए उपस्थित लोगों को स्वयं के भीतर झांकने तथा जीवन के विभिन्न पक्षों पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर संदीप सिंह, चेयरमैन, मां अंबे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेंद्र सिंह बिष्ट, संरक्षक, श्री भक्तिधाम ट्रस्ट, नौकुचियाताल, नैनीताल ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष अल्मोड़ा प्रकाश जोशी तथा पूर्व निदेशक महादेवी सृजनपीठ, नैनीताल प्रो. देवसिंह पोखरिया ने विद्यार्थियों एवं सम्मानित महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
समारोह को श्री भक्तिधाम आश्रम नौकुचियाताल से आए अरविंद कुमार, रमेश, अमन सैनी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, प्रो. आराधना शुक्ला, भूषण पांडेय, दीपक जोशी, दिव्या जोशी और शगुफ्ता अंसारी सहित अनेक विशिष्टजनों का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. दीपा गुप्ता ने कहा कि ‘सपनों को पंख’ केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को पहचानने और उनकी लक्ष्य-यात्रा में उनके साथ खड़े होने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और उन्हें यह विश्वास होना चाहिए कि समाज उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम के अंत में मनोज गुप्ता ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा का संचार किया।
‘सपनों को पंख’ ने मेधावी विद्यार्थियों को दी नई उड़ान
Leave a Comment
Leave a Comment



