मुंबई में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में मिला सम्मान, अल्मोड़ा के लिए गौरव का क्षण
अल्मोड़ा। मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में 15 सितंबर 2026 को अल्मोड़ा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) को ‘प्रशंसनीय श्रेणी’ के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सम्मान को अल्मोड़ा क्षेत्र के लिए गौरव और हर्ष का विषय माना जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान यह प्रतिष्ठित पुरस्कार राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव अंशुली आर्या (आईएएस) एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा अल्मोड़ा नराकास के अध्यक्ष एवं भाकृअनुप-विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत तथा सदस्य सचिव, मुख्य तकनीकी अधिकारी एवं प्रभारी राजभाषा अधिकारी रेनू सनवाल को प्रदान किया गया।
अल्मोड़ा नराकास के अंतर्गत जिले के 32 केंद्रीय कार्यालय, उपक्रम, बैंक, सशस्त्र सीमा बल तथा अन्य केंद्रीय संस्थान शामिल हैं। भौगोलिक रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद समिति द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान हासिल करना विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
समिति के माध्यम से राजभाषा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप केंद्रीय कार्यालयों के दैनिक कार्य-व्यवहार में हिंदी के सहज, सरल और प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं। इस दिशा में नराकास से जुड़े विभिन्न कार्यालयों के विभागाध्यक्षों और राजभाषा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रही है।
सम्मान प्राप्त होने पर अल्मोड़ा नराकास से जुड़े सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैंकों और संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह है। समिति की उपलब्धि को सामूहिक प्रयास, एकजुटता और राजभाषा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया गया है।
नराकास से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल समिति का नहीं, बल्कि अल्मोड़ा जिले में हिंदी के प्रभावी प्रयोग के लिए निरंतर कार्य कर रहे सभी संबंधित कार्यालयों और संस्थानों की सामूहिक उपलब्धि है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और राजभाषा अधिकारियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से अल्मोड़ा नराकास की जिम्मेदारी भी और बढ़ गई है। समिति से जुड़े अधिकारियों ने भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के सहज एवं प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने तथा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
अल्मोड़ा नराकास को राष्ट्रीय स्तर पर ‘प्रशंसनीय श्रेणी’ का पुरस्कार
Leave a Comment
Leave a Comment



