अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के रैलापाली वार्ड संख्या 37 में पिछले करीब दस दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों से पानी नहीं आने से लोगों के सामने पीने के पानी के साथ ही रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए भी पानी का संकट खड़ा हो गया है।
वार्डवासियों का कहना है कि पेयजल समस्या की जानकारी संबंधित जल संस्थान को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने विभाग पर समस्या के प्रति लापरवाही बरतने और धीमी कार्यप्रणाली का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दस दिनों से पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पार्षद प्रदीप चंद्र आर्य ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को लंबे समय तक परेशान होना उचित नहीं है।
वार्डवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करें।
लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर दस दिन बीत जाने के बाद भी पेयजल समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पाया? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
रैलापाली वार्ड में 10 दिन से पेयजल संकट, लोगों में आक्रोश
Leave a Comment
Leave a Comment



