अल्मोड़ा। शुद्धिकरण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षद दीपक कुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मामले की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय कांग्रेस के विरोध में खड़ी होकर पूरे प्रकरण को दबाने का प्रयास कर रही है।
दीपक कुमार ने कहा कि यदि भाजपा को वास्तव में अनुसूचित जाति समाज के सम्मान और अधिकारों की चिंता होती तो वह मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामले में जांच की मांग का समर्थन करने के बजाय कांग्रेस का विरोध किया जाना कई सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस पार्षद ने भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले में भाजपा के कुछ नेता कथित रूप से शुद्धिकरण करने वालों के पक्ष में बयान दे रहे हैं, जबकि दूसरी ओर यही कहा जा रहा है कि शुद्धिकरण करने वालों का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इन बयानों को विरोधाभासी बताते हुए कहा कि इससे भाजपा की स्थिति और मंशा पर सवाल उठते हैं।
दीपक कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामले में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
शुद्धिकरण मुद्दे को दबाना चाहती है भाजपा : दीपक कुमार
Leave a Comment
Leave a Comment



