न्याय पंचायत खत्याड़ी व नगर क्षेत्र की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
अल्मोड़ा। खेल महाकुंभ के अंतर्गत न्याय पंचायत खत्याड़ी एवं नगर क्षेत्र की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मेयर अजय वर्मा ने किया।
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने कहा कि खेल महाकुंभ विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतियोगिता में न्याय पंचायत खत्याड़ी एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिनों तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में पार्षद हेम तिवारी, पीटीए अध्यक्ष मदन नागरकोटी, एसएमसी अध्यक्ष आशा डालाकोटी, ब्लॉक खेल समन्वयक पंकज टम्टा, सुंदर सिंह रौतेला, राजेंद्र सिंह कनवाल, नीरू पांडे, सुजाता शर्मा, हरीश भट्ट सहित शिक्षक, खेलप्रेमी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भुवन सिंह चिलवाल ने किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ से खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।



