अल्मोड़ा। पीएम श्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं वर्तमान में मुंबई में कमिश्नर कस्टम्स के पद पर कार्यरत श्रद्धा जोशी शर्मा का आगमन छात्राओं के लिए प्रेरणादायी अवसर बन गया। विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विद्यालय की छात्राओं से संवाद करते हुए श्रद्धा जोशी शर्मा ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। सादा जीवन और उच्च विचार व्यक्ति को अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की दिशा में मजबूती प्रदान करते हैं।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए बड़े सपने देखना आवश्यक है। सपनों को लक्ष्य में बदलकर निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनके प्रेरणादायी संबोधन से छात्राएं उत्साहित नजर आईं।
विद्यालय के दिनों को याद करते हुए श्रद्धा जोशी शर्मा ने छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। एक पूर्व छात्रा को प्रशासनिक सेवा के उच्च पद पर देखकर छात्राओं में विशेष उत्साह और गर्व की भावना दिखाई दी।
इस अवसर पर श्रद्धा जोशी शर्मा के माता-पिता भी उनके साथ उपस्थित रहे। उनके पिता प्रोफेसर जी.सी. जोशी सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता लीला जोशी आर्य कन्या इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं।
कार्यक्रम में अभिभावक, बीएड प्रशिक्षु, छात्राएं एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या विजया पंत एवं विद्यालय परिवार ने श्रद्धा जोशी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां विद्यालय की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
श्रद्धा जोशी शर्मा का विद्यालय आगमन छात्राओं के लिए न केवल भावनात्मक रूप से विशेष रहा, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की नई प्रेरणा भी मिली।
पूर्व छात्रा श्रद्धा जोशी शर्मा ने छात्राओं को दिखाया सफलता का मार्ग
Leave a Comment
Leave a Comment



