
अल्मोड़ा, संवाददाता:
कर्नाटक खोला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित दर्शन उत्सव 2026 ने सांस्कृतिक एकता और परंपराओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि इस आयोजन में सैकड़ों दर्शकों ने विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृतियों का एक ही मंच पर भव्य प्रदर्शन देखा और भरपूर आनंद उठाया।
दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस आयोजन में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और असम की सांस्कृतिक झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शुरुआत से ही कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा, जहां परिवारों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में उत्तराखंड की पारंपरिक छपेली और गढ़वाली नृत्य ने स्थानीय संस्कृति की खूबसूरती को जीवंत किया। उत्तर प्रदेश की नृत्य नाटिका ने भाव और अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं हरियाणा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत फाग और पनिहारी लोकनृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। असम से आए कलाकारों ने अपने प्रसिद्ध बिहू नृत्य से पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
सांस्कृतिक संध्या को और भी खास बनाया हल्द्वानी की प्रसिद्ध संगीतकार माया उपाध्याय ने, जिन्होंने भजन और लोकगीतों की मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। असम से आए जॉय डेका और उनके दल ने बिहू नृत्य से खूब वाहवाही लूटी, जबकि लखनऊ की सौम्य वर्मा एवं उनके साथियों ने फ्यूजन नृत्य नाटिका के माध्यम से आधुनिक और पारंपरिक कला का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।
हरियाणा से आए मोहन सिंह एवं उनके दल ने हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक दिखाई, जबकि अल्मोड़ा की भावना कठायत एवं उनकी टीम ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं को मंच पर सजीव कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की तालियों और उत्साह ने कलाकारों का मनोबल बढ़ाया और रामलीला मैदान सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं भी सुचारू रहीं, जिससे दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
इस भव्य आयोजन का सफल संचालन बिट्टू कर्नाटक के नेतृत्व में भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति, कर्नाटक खोला द्वारा किया गया। आयोजकों के अनुसार, दर्शन उत्सव का उद्देश्य लोगों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से निकालकर अपनी जड़ों, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, जिसमें यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
कार्यक्रम में महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, गोविंद पिलख्वाल, ललित लटवाल, रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, प्रदीप मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र कर्नाटक ने की, जबकि संचालन दिव्या जोशी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने एवं कलाकारों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए संस्कार ग्रुप के मुखिया प्रकाश बिष्ट को उनकी सांस्कृतिक उपलब्धियों पर सम्मानित किया गया।
अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों, प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी ही इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने दर्शन उत्सव 2026 को यादगार बना दिया।





