
अल्मोड़ा, संवाददाता:
जिला पंचायत सभागार में दो दिवसीय 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह आज से प्रारंभ होगा। इस संबंध में उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत ‘राजू’ ने पत्रकार वार्ता में समारोह और ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उमेश डोभाल एक निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकार थे, जिन्होंने हमेशा पत्रकारिता धर्म का पालन करते हुए जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वे एक घुमंतू पत्रकार के रूप में समाज के हर वर्ग की समस्याओं को सामने लाते रहे। समाज विरोधी और अराजक तत्वों द्वारा उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी।
पंत ने कहा कि निष्पक्ष, जागरूक और साहसी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 1991 में उमेश डोभाल स्मृति समिति का गठन किया गया, जिसे बाद में ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया। ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष के समारोह में प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेने पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन मंगलवार को प्रातः 11:30 बजे गांधी पार्क से सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा। इसके पश्चात दोपहर में निर्धारित विषयों पर व्याख्यान आयोजित होंगे।
गोविंद पंत ‘राजू’ ने नगर के पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारी संगठनों एवं जनपक्षीय मुद्दों को उठाने वाले सभी लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने का आह्वान किया है।



