अल्मोड़ा |
अल्मोड़ा व्यापार मंडल की ध्याड़ी इकाई के अध्यक्ष दलीप सिंह (पुत्र लक्ष्मण सिंह) को साइबर ठगी के मामले में बड़ी राहत मिली है। लगभग दो वर्ष पूर्व 3 सितंबर 2024 को ₹5,20,000 की ठगी का शिकार हुए दलीप सिंह को अब पूरी धनराशि वापस मिल गई है।
जानकारी के अनुसार, दलीप सिंह ने बांगर सीमेंट खरीदने के लिए संबंधित कंपनी के खाते में दो किस्तों में कुल ₹5.20 लाख की राशि ट्रांसफर की थी, लेकिन बाद में यह लेन-देन ठगी साबित हुआ। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन से संपर्क किया, जिसके बाद साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस और साइबर सेल की त्वरित एवं मुस्तैद कार्रवाई के चलते लंबे प्रयासों के बाद न्यायालय के माध्यम से 4 अप्रैल 2026 को पूरी धनराशि वापस दिलाई जा सकी। इस कार्रवाई से पीड़ित व्यापारी को बड़ी राहत मिली है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस प्रशासन का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता, समर्पण और प्रभावी कार्यप्रणाली के कारण ही यह संभव हो पाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के अंतिम छोर पर बैठे व्यापारी के लिए जिस गंभीरता और तेजी से कार्य किया गया, वह अत्यंत प्रशंसनीय है और इससे व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
इस उपलब्धि पर समस्त जिले के व्यापारियों एवं व्यापार मंडल परिवार ने भी पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार त्वरित कार्रवाई कर आम जनता को राहत प्रदान की जाती रहेगी।



