जिला अस्पताल में करीब दो माह से खाली है फिजिशियन का पद, कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने सरकार पर साधा निशाना
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल अल्मोड़ा में पिछले करीब दो माह से फिजिशियन की तैनाती नहीं होने का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति को लेकर किए गए दावे पर सवाल उठाए हैं।
वैभव पांडे ने कहा कि करीब एक सप्ताह पूर्व भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात और वार्ता के बाद सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति कर दी जाएगी। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी अस्पताल में फिजिशियन की तैनाती नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से एक सप्ताह का वादा किया था। अब जनता उनसे पूछ रही है कि “वह एक सप्ताह आखिर कब आएगा?” उन्होंने कहा कि अस्पताल को डॉक्टर की जरूरत है, बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस की नहीं।
मरीजों को उठानी पड़ रही परेशानी
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिला अस्पताल में फिजिशियन का पद करीब दो माह से खाली है। इसके चलते बड़ी संख्या में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मरीजों को निजी अस्पतालों अथवा दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता लगातार जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर दावे और घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर मरीजों की परेशानी कम नहीं हुई है। यदि सरकार और भाजपा नेता वास्तव में इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें यह बताने की आवश्यकता नहीं है कि उन्होंने किससे मुलाकात की, बल्कि जनता को यह बताना चाहिए कि फिजिशियन की नियुक्ति कब होगी।
“आश्वासन नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए”
वैभव पांडे ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद एक सप्ताह में नियुक्ति का दावा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में भाजपा नेताओं को जनता के सामने आकर अपने दावे की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि “जनता को आश्वासन नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए। श्रेय लेने की राजनीति से मरीजों का इलाज नहीं होता।” जिला अस्पताल पहाड़ की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय तक खाली रहना सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जल्द नियुक्ति नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस महामंत्री संगठन ने सरकार से मांग की कि बिना किसी और देरी के जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति की जाए। साथ ही भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि एक सप्ताह में नियुक्ति का दावा किया गया था तो अब तक नियुक्ति क्यों नहीं हुई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो कांग्रेस जनता की इस समस्या को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हजारों मरीजों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल है। जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
एक सप्ताह में फिजिशियन की नियुक्ति का दावा, समय बीता तो कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब
Leave a Comment
Leave a Comment



