अल्मोड़ा। पश्चिमी अफ्रीकी देश कैमरून के यवोंडे (वारडा) में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित कैमरून इंटरनेशनल चैलेंज-2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अल्मोड़ा के पांडेखोला निवासी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी ध्रुव रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स्ड डबल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ध्रुव ने अपनी जोड़ीदार मनीषा के. के साथ खेलते हुए एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश, उत्तराखंड और अल्मोड़ा का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में ध्रुव और मनीषा की जोड़ी ने कैमरून के जीन मारी फ्राइड इविन और प्रेस्ड रिने यूनिस इयोनो की जोड़ी को 21-6, 21-10 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उन्होंने युगांडा के मुजफर लिबेगा और ग्लैडिस मोबाबाज की जोड़ी को 21-18, 21-8 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में ध्रुव और मनीषा का सामना अल्जीरिया की कोकेला मम्मीरी और टेनिना विओली मम्मरी की जोड़ी से हुआ। कड़े मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने शानदार संयम और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 23-21, 21-17 से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
ध्रुव की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने महज दो सप्ताह में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट अपने नाम किए हैं। इससे पूर्व उन्होंने लागोस इंटरनेशनल चैलेंज टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता था।
ध्रुव की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के चीफ पैट्रन एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता एवं राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्झोंन, मीडिया प्रभारी डी.के. जोशी, नंदन रावत, अमरनाथ सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, शेखर लखचौरा, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी.के. सेन, लोकेश नेगी सहित अल्मोड़ा बैडमिंटन परिवार के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए ध्रुव को बधाई दी।
लगातार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन कर रहे ध्रुव से अब भारतीय बैडमिंटन टीम में जगह बनाने की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि उनकी यह सफलता आने वाले समय में उन्हें बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते देखने की उम्मीद को मजबूत करती है।
कैमरून में चमका अल्मोड़ा, ध्रुव रावत ने जीता मिक्स्ड डबल्स का स्वर्ण
Leave a Comment
Leave a Comment



