अल्मोड़ा। भारतीय युवा कांग्रेस ने भर्ती घोटालों, पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। संगठन ने कहा कि छात्रों और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस गोपाल भट्ट ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना तथा युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग और लाठीचार्ज जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
गोपाल भट्ट ने कहा कि युवा कांग्रेस वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश के युवाओं और छात्रों से संगठन से जुड़ने का आह्वान कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़ने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर अभियान चला रहा है।
बैठक में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड के सह प्रभारी अविनाश महाला, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, जिला प्रभारी अब्दुल रहमान, जिला कॉर्डिनेटर नरेंद्र यादव, प्रदेश महासचिव किरण आर्या, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, विधानसभा अध्यक्ष जागेश्वर वीरेंद्र सिंह मलाड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष राजकमल, अमन लटवाल, जिला महासचिव दीक्षा सुयाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भर्ती घोटालों और बेरोज़गारी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने बुलंद की आवाज़
Leave a Comment
Leave a Comment



