अल्मोड़ा। भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा विकसित ‘वीएल लाइट ट्रैप’ तकनीक के व्यावसायिक उत्पादन एवं विपणन के लिए दून ट्रंक हाउस, अल्मोड़ा के साथ चार वर्ष की अवधि का प्रौद्योगिकी लाइसेंस अनुबंध संपन्न किया गया है। यह समझौता 4 अगस्त 2026 को किया गया, जिसका उद्देश्य संस्थान की नवीन कृषि तकनीकों को सीधे किसानों तक पहुँचाना है।
अनुबंध के तहत दून ट्रंक हाउस निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार इस पर्यावरण-अनुकूल और कम लागत वाले कीट प्रबंधन उपकरण का उत्पादन एवं वितरण करेगा। इससे किसानों को सुरक्षित, प्रभावी और टिकाऊ कीट नियंत्रण का एक किफायती विकल्प उपलब्ध होगा।
संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने कहा कि कृषि अनुसंधानों का प्रभावी व्यावसायीकरण संस्थान की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि वीएल लाइट ट्रैप तकनीक किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी तथा कृषि उत्पादन को अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अनुबंध पर हस्ताक्षर के अवसर पर बौद्धिक संपदा एवं प्रौद्योगिकी प्रबंधन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ, फसल सुरक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कांत मिश्रा उपस्थित रहे। दून ट्रंक हाउस की ओर से मोहम्मद सलीम एवं मोहम्मद सलमान ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। संस्थान ने भविष्य में भी नवाचार आधारित कृषि प्रौद्योगिकियों के विकास एवं प्रसार के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
वीएल लाइट ट्रैप तकनीक के व्यावसायीकरण को मिली गति, विवेकानन्द पर्वतीय कृषि संस्थान ने किया लाइसेंस अनुबंध
Leave a Comment
Leave a Comment



