अल्मोड़ा। नगर के रानीधारा स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस कथा व्यास आचार्य पंकज जोशी ने अमर कथा के माध्यम से भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं सजीव वर्णन किया। उन्होंने देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती के निष्कलंक एवं अटूट प्रेम की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
आचार्य पंकज जोशी ने कहा कि शुक्रवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं सजीव वर्णन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर कथा स्थल पहुँचकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिव्य आयोजन का आनंद लेने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
कथा के दौरान संगीतमय भजनों की मनोहारी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वातावरण भक्तिमय जयघोष एवं भजनों से गूंजता रहा।
श्रीमद्भागवत कथा के यजमान पंडित हरीश चन्द्र जोशी ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण हेतु पहुँचने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को दोपहर 2 बजे से कथा स्थल पर विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई।
इस अवसर पर रानीधारा नागरिक समिति सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
रानीधारा में श्रीमद्भागवत कथा में महादेव-पार्वती प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर
Leave a Comment
Leave a Comment



