अल्मोड़ा। सावन मेले के आयोजन को लेकर महिला कल्याण संस्था की बैठक बुधवार को नंदा देवी स्थित संस्था कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ भजन-कीर्तन के साथ हुआ, जिसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक टीमों के साथ मेले की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन मेला 12 एवं 13 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। प्रथम दिवस सिद्ध नौला मंदिर से पवित्र जल लेकर जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी, जो नंदा देवी मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने के उपरांत मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
मेले के दूसरे दिन महिलाओं एवं युवतियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें सैली सजाओ प्रतियोगिता, दुल्हन बनो प्रतियोगिता, सावन गीतों पर नृत्य प्रतियोगिता तथा कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में निर्णायक प्रतिभागियों से विषय से जुड़े प्रश्न भी पूछेंगे।
कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को मोटे अनाज से तैयार पारंपरिक व्यंजन घर से बनाकर लाने होंगे। इसके अतिरिक्त मेले में विभिन्न खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनका संचालन महिलाएं स्वयं करेंगी। इन स्टॉलों से होने वाली आय महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायक होगी।
बैठक की अध्यक्षता रीता दुर्गापाल ने तथा संचालन मीता उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर संस्था की आशा कर्नाटक, आशा पंत, रीता जोशी, इंदिरा लोहानी, ममता चौहान, अंजू अग्रवाल, चंद्रा अग्रवाल, गीता शाह सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक दलों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
12 व 13 अगस्त को होगा सावन मेला, महिला कल्याण संस्था ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
Leave a Comment
Leave a Comment



