चम्पावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में जनपद चम्पावत में पहली बार महिलाओं के लिए विशेष रूप से ‘सावन उत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियां लगातार कार्य कर रही हैं।
फाउंडेशन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही भारतीय संस्कृति, परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
सावन उत्सव में पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य, सावन गीत, झूला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल को सावन की हरियाली, पुष्प सज्जा और पारंपरिक थीम के अनुरूप सजाया जा रहा है।
आयोजन समिति ने बताया कि महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग टीमें जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
फाउंडेशन ने जनपद की माताओं, बहनों एवं बेटियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। कार्यक्रम का आयोजन 9 अगस्त को जीजीआईसी सभागार, चम्पावत तथा 11 अगस्त को मिलन वाटिका, टनकपुर में किया जाएगा।
चम्पावत में पहली बार होगा महिला-केंद्रित ‘सावन उत्सव-2026’, तैयारियां अंतिम चरण में
Leave a Comment
Leave a Comment



