| अल्मोड़ा |
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा आगमन के दौरान सोमवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एस.एस.जे. विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं, छात्र विरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ काले झंडे दिखाकर विरोध जताया तथा विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रोफेसर भर्ती में आरक्षण रोस्टर प्रणाली में कथित अनियमितताओं, निर्माण कार्यों में घोटाले, वित्तीय भ्रष्टाचार तथा छात्र हितों की अनदेखी को लेकर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती घोटाले और पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है और इसका सबसे बड़ा नुकसान युवाओं तथा छात्रों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों के बाद कई छात्रों ने निराशा में आत्मघाती कदम तक उठाए, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्र, युवा, किसान और महिला विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। गोपाल भट्ट ने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारी गांधी पार्क चौघानपाटा से रैली निकालकर एस.एस.जे. विश्वविद्यालय परिसर की ओर बढ़े। इस दौरान प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने कई युवा कांग्रेस नेताओं और छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शन के दौरान “SSJU बचाओ”, “कुलपति इस्तीफा दो”, “मुख्यमंत्री गो बैक” और “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है और पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह ईमानदार और पारदर्शी है, तो छात्रों और युवाओं के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का प्रयोग कर छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस गौरव जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय में “लूटो-कमाओ और संरक्षण पाओ” की संस्कृति हावी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पूर्व छात्रसंघ उप सचिव गौरव सिंह सतवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रहा तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस हर स्तर पर भ्रष्टाचार और छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरन आर्या ने राज्य सरकार और राज्यपाल से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से गोपाल भट्ट, किरन आर्या, विक्रम फर्त्याल, गौरव सतवाल, गौरव जोशी, कमलेश बिष्ट, संतोष कुमार, विनय कनवाल, अभय बोरा, विशाल कनवाल, मनोज कुमार, आशीष संतोलिया, वीरेंद्र आर्य, दीक्षा सुयाल, दिव्यांश रावत, विशाल पड़ियार, रोहित पंत और फेमिना खान सहित कई युवा कांग्रेस एवं छात्र नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा जबरन हिरासत में लिया गया।
मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा दौरे पर युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में
Leave a Comment
Leave a Comment



