मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की उपेक्षा, विकास कार्यों में भेदभाव और जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर रखी थी।
कांग्रेस पार्षद वैभव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि अल्मोड़ा नगर निगम को योजनाबद्ध तरीके से विकास से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन धरातल पर अल्मोड़ा की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। नगर की सड़कें बदहाल हैं, पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित है।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर निगम की लगातार उपेक्षा से जनता में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक भेदभाव के चलते अल्मोड़ा के विकास कार्यों को रोक रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता की समस्याएं सुनने के बजाय केवल औपचारिक कार्यक्रमों में व्यस्त रखा गया।
इस दौरान पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले ही कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला दमन बताया। विरोध प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई और सरकार विरोधी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
पार्षद वैभव पाण्डेय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अल्मोड़ा नगर निगम की मांगों और जनता की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर और बड़ा जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक अल्मोड़ा की जनता को उसका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक लोकतांत्रिक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री को दिखाए काले झंडे, नगर निगम की उपेक्षा पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
Leave a Comment
Leave a Comment



