जिलाधिकारी से मिला शिष्टमंडल, कहा—कलेक्ट्रेट स्थानांतरण का खामियाजा पहले ही भुगत रहा अल्मोड़ा का बाजार
अल्मोड़ा। जिला व्यापार मंडल अल्मोड़ा के नेतृत्व में व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर नगर की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिला पंचायत परिसर से सरकारी विभागों के संभावित स्थानांतरण को लेकर व्यापार मंडल ने कड़ी आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया कि यदि यहां से किसी भी सरकारी विभाग को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के समक्ष कहा कि पूर्व में कलेक्ट्रेट सहित कई सरकारी कार्यालयों के मुख्य बाजार क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित होने का सीधा असर अल्मोड़ा के परंपरागत बाजार के कारोबार पर पड़ा है। सरकारी कार्यालयों से जुड़े कर्मचारियों, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों और अन्य आगंतुकों की बाजार क्षेत्र में आवाजाही कम होने से स्थानीय व्यापार लगातार प्रभावित हुआ है।
कलेक्ट्रेट स्थानांतरण की पीड़ा आज भी झेल रहा बाजार
व्यापार मंडल ने कहा कि कलेक्ट्रेट के स्थानांतरण के समय भी व्यापारियों और आम जनता की ओर से अपनी चिंताएं प्रशासन के समक्ष रखी गई थीं। पदाधिकारियों का आरोप है कि उस समय मिले आश्वासनों के बावजूद कलेक्ट्रेट का स्थानांतरण हुआ और उसका प्रभाव आज भी नगर के व्यापारियों तथा आम जनमानस को झेलना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब जिला पंचायत परिसर से भी सरकारी विभागों को स्थानांतरित किए जाने की स्थिति पैदा होती है तो यह मुख्य बाजार की आर्थिक गतिविधियों के लिए एक और झटका होगा।
‘अब आंदोलन के अलावा नहीं बचेगा कोई विकल्प’
व्यापार मंडल ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला पंचायत से किसी भी सरकारी विभाग को स्थानांतरित किया गया तो जिला व्यापार मंडल एवं नगर के व्यापारी इसका पुरजोर विरोध करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि बार-बार सरकारी कार्यालयों को बाजार क्षेत्र से दूर ले जाने से अल्मोड़ा के ऐतिहासिक बाजार की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसलिए किसी भी विभाग के स्थानांतरण से पहले स्थानीय व्यापार, आम जनता की सुविधा और नगर की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए।
व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि अल्मोड़ा के मुख्य बाजार की व्यापारिक गतिविधियों को बनाए रखने तथा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मामले में सकारात्मक एवं आवश्यक कदम उठाए जाएं। शिष्टमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान की दिशा में कार्य करेगा।
जिलाधिकारी से मुलाकात करने वालों में जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर सहसचिव अश्विन नेगी, पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष विजय भट्ट, जिला मंत्री राकेश तिवारी, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला मंत्री कमल तिवारी, नंदा देवी क्षेत्र के पार्षद कमलेश मेर, पार्षद गुंजन चम्याल, पार्षद दीपक कुमार और ललित मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला पंचायत से कोई विभाग हटाया तो सड़कों पर उतरेंगे व्यापारी: व्यापार मंडल
Leave a Comment
Leave a Comment




