शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर जताई चिंता, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की उठाई मांग
अल्मोड़ा। जिले में स्मैक एवं अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन तथा भैंस-बकरी जैसे मवेशियों की आड़ में गौवंश की कथित अवैध तस्करी की शिकायतों को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अल्मोड़ा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मुद्दों पर वार्ता करते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के प्रांत गौरक्षा प्रमुख अधिवक्ता विजय सिंह सिराड़ी ने जिले में, विशेषकर युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्मैक एवं अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से युवा वर्ग का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसका सामाजिक एवं पारिवारिक स्तर पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि युवाओं तक नशीले पदार्थों की पहुंच को रोका जा सके।
वार्ता के दौरान भैंस, बकरी एवं अन्य मवेशियों के परिवहन की आड़ में गौवंश को अवैध रूप से ले जाने संबंधी शिकायतों का मुद्दा भी एसएसपी के समक्ष रखा गया। बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए संदिग्ध पशु-परिवहन वाहनों की नियमित जांच की जानी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर प्रचलित कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार और अवैध पशु परिवहन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष भानु प्रकाश जोशी, बजरंग दल सह-संयोजक वैभव जोशी, संजय भट्ट, विनोद भट्ट, हरीश लाल एवं विनोद आर्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नशे और गौवंश की अवैध तस्करी पर सख्ती की मांग, बजरंग दल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
Leave a Comment
Leave a Comment




