भवन निर्माण का शीघ्र एस्टीमेट शासन को भेजने के निर्देश, वाणिज्य शिक्षक की नियुक्ति की भी उठी मांग
अल्मोड़ा। उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को अल्मोड़ा दौरे के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) लोधिया के जीर्ण-शीर्ण भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री कुंदन लटवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कुंदन लटवाल ने मंत्री डॉ. रावत को विद्यालय भवन की स्थिति और विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने नए भवन के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की। साथ ही विद्यालय में संसाधनों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जर्जर भवन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से इसके ध्वस्तीकरण की वर्तमान कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नए विद्यालय भवन के निर्माण का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत किए जाने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एफसीआई भवन में चल रही कक्षाओं की ली जानकारी
मंत्री ने जर्जर भवन के कारण अस्थायी रूप से एफसीआई भवन में संचालित की जा रही कक्षाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि जीआईसी लोधिया के नए भवन की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
1978 में हुई थी विद्यालय की स्थापना
गौरतलब है कि वर्ष 1978 में स्थापित राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया का भवन लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। भवन की स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की ओर से लगातार चिंता जताई जा रही थी।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पूर्व में विद्यालय पहुंचकर भवन की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने जर्जर भवन को शीघ्र ध्वस्त करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से भवन के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
वाणिज्य शिक्षक का रिक्त पद भरने की मांग
निरीक्षण के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे वाणिज्य विषय के शिक्षक के पद का मामला भी मंत्री के समक्ष रखा। अभिभावकों ने कहा कि शिक्षक का पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर मंत्री डॉ. रावत ने अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा, कुमाऊं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, जिला पंचायत सदस्य खत्याड़ी के प्रतिनिधि आनंद कनवाल, रविंद्र खोलिया, मनोज लटवाल, हरीश रावत, प्रताप रावत, विनोद बजेठा, पूरन लटवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जीआईसी लोधिया के जर्जर भवन का उच्च शिक्षा मंत्री ने किया निरीक्षण
Leave a Comment
Leave a Comment




