चौघानपाटा से शुरू होगा डामरीकरण कार्य, पोस्ट ऑफिस से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक तीन रात बंद रहेगा यातायात
अल्मोड़ा। नगर की प्रमुख मॉल रोड पर आज रात से हॉटमिक्स डामरीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से बरेली-अल्मोड़ा-बागेश्वर मोटर मार्ग के अंतर्गत अल्मोड़ा मॉल रोड पर चौघानपाटा क्षेत्र से डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य को देखते हुए पोस्ट ऑफिस से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक रात्रि के समय यातायात पूर्ण रूप से बंद रखने की तैयारी की गई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की ओर से जिलाधिकारी अल्मोड़ा को भेजे गए पत्र के अनुसार मॉल रोड पर हॉटमिक्स के माध्यम से डामरीकरण किया जाना प्रस्तावित है। कार्य को सुरक्षित एवं निर्धारित समय में पूरा करने के लिए 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को रात 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक पोस्ट ऑफिस से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक वाहनों की आवाजाही बंद रखने का अनुरोध किया गया है।
विभाग के अनुसार रात के समय यातायात बंद रहने से हॉटमिक्स डामरीकरण का कार्य तेजी और सावधानी के साथ किया जा सकेगा। दिन के समय इस मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिसके चलते डामरीकरण कार्य में परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
आज 2 अक्टूबर की रात 8 बजे से चौघानपाटा क्षेत्र से कार्य शुरू होने की बात कही गई है। ऐसे में रात के समय मॉल रोड से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को यातायात व्यवस्था में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है।
लोक निर्माण विभाग ने जिला प्रशासन से निर्धारित अवधि में संबंधित मार्ग पर यातायात बंद कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि डामरीकरण का कार्य समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।
तीन दिन का प्रस्तावित यातायात बंद
2 अक्टूबर: रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक
3 अक्टूबर: रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक
4 अक्टूबर: रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक
मॉल रोड पर हॉटमिक्स होने से सड़क की स्थिति में सुधार की उम्मीद है। वहीं तीन रातों तक यातायात बंद रहने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ सकता है।
अल्मोड़ा मॉल रोड पर आज रात से बिछेगा हॉटमिक्स, रात 8 से सुबह 8 बजे तक यातायात रहेगा बंद
Leave a Comment
Leave a Comment




