लंबित अनुदान जारी करने और महाअष्टमी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की उठाई मांग
अल्मोड़ा। आगामी माँ नंदादेवी महोत्सव एवं ऐतिहासिक नंदादेवी मेले की तैयारियों को लेकर माँ नंदादेवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से भेंट कर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। समिति ने मेले के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नंदादेवी मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक एवं स्थानीय लोग शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में जिलाधिकारी से विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समिति ने सांस्कृतिक विभाग एवं पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2024 और वर्ष 2025 के लिए स्वीकृत अनुदान की लंबित धनराशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग भी रखी। समिति का कहना था कि समय पर अनुदान उपलब्ध होने से सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मेले की समस्त तैयारियों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
समिति ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए 19 सितंबर 2026 को महाअष्टमी के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग की। इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भी भेजा गया। समिति का कहना था कि माँ नंदादेवी उत्तराखंड की लोकआस्था, संस्कृति एवं परंपरा का प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से प्रदेशभर के श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और मेले में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने समिति को आश्वस्त किया कि माँ नंदादेवी मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस दौरान मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य संयोजक तारा चन्द्र जोशी, हरीश कनवाल, पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी, पार्षद वंदना वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



