अल्मोड़ा। डुबकिया वार्ड में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पार्षद अंजू बिष्ट के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नगर आयुक्त एवं महापौर को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग पर अवैध निर्माण किए जाने से मंदिर और अंतिम संस्कार के रास्ते तक बाधित हो गए हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार वार्ड डुबकिया में जावेद अख्तर नामक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह रास्ता वर्षों पुराना सार्वजनिक मार्ग है, जिसका उपयोग लोग मंदिर जाने तथा क्रिया-कर्म सहित अन्य सामाजिक कार्यों के लिए करते आए हैं। लेकिन हाल में हुए कथित अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते की चौड़ाई कम होने से दुर्घटना और विवाद की आशंका भी लगातार बनी हुई है। खासतौर पर धार्मिक आयोजनों और अंतिम संस्कार के समय लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
पार्षद अंजू बिष्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संबंधित स्थल का जल्द मौका-मुआयना किया जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर आयुक्त को निष्पक्ष जांच के निर्देश जारी किए। महापौर ने कहा कि मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाकर आम जनता को राहत दी जाए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि सार्वजनिक संपत्तियों और रास्तों को सुरक्षित रखा जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे के कारण लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक रास्ते को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। लोगों ने कहा कि यह केवल एक रास्ते का मामला नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों और सुविधाओं से जुड़ा मुद्दा है।
इस मौके पर वंदना वर्मा, दीपक कुमार, अनुप भारती, आशा बिष्ट, पूनम त्रिपाठी, मीरा मिश्रा, विजय भट्ट, कुलदीप मेर, राहुल जोशी, गुंजन चमियाल, वैभव पांडे, प्रदीप आर्य, भूपेन जोशी, नवीन आर्य, अधिवक्ता वैभव जोशी, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, हिमांशु साह, नीरज थापा ‘बिट्टू’, कमल बिष्ट ‘राहुल’, अनिल वर्मा, दीप चंद्र जोशी, सिकंदर पवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
डुबकिया में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर भड़का जनाक्रोश, महापौर ने दिए जांच के निर्देश
Leave a Comment
Leave a Comment



