
अल्मोड़ा/देहरादून।
महिला कल्याण विभाग द्वारा महिला कल्याण दिवस के अवसर पर राजभवन देहरादून में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
राजकीय शिशु बाल ग्रह अल्मोड़ा में कार्यरत मनीष तिवारी को उनके उत्कृष्ट कार्यों और सेवाओं के लिए उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राजभवन देहरादून में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल उपस्थित रहे, जबकि उत्तराखंड की प्रथम महिला अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।
इस अवसर पर अल्मोड़ा की जिला प्रोवेशन अधिकारी कल्पना मननाल की गरिमामय उपस्थिति में कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सीपीओ श्रीमती अंजना, राजीव नयन तिवारी तथा महिला कल्याण विभाग के डायरेक्टर व सचिव भी उपस्थित रहे।
समारोह में विभाग के अन्य कर्मचारियों कमला गोस्वामी, दीपशिखा साह, मंजू उपाध्याय, कमला और नीतू सहित कई कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यों में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान कर्मचारियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।



