
📰 खबर सत्यवार्ता
संवाददाता, बदायूं
बदायूं। जनपद की बिसौली तहसील क्षेत्र में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया, जिससे लगभग 36 लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से नगर के बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी आशुतोष शर्मा के अनुसार सुबह करीब 10 बजे एक उग्र कुत्ता ब्लूमिंग फ्लावर्स स्कूल परिसर में घुस आया और वहां कर्मचारियों को काट लिया। इसके बाद जब स्टाफ ने उसे भगाने का प्रयास किया, तो वह अभिनंदन मैरिज लॉन पहुंच गया, जहां दुल्हन की विदाई का कार्यक्रम चल रहा था। वहां कुत्ते ने महिलाओं और बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए और भगदड़ की स्थिति बन गई।
इसके बाद कुत्ता मलईया वाले बाबा रोड होते हुए बुद्ध बाजार क्षेत्र में पहुंचा, जहां उसने राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काटकर घायल कर दिया। बाद में वह गांव की ओर भाग गया, जहां उसने बच्चों, महिलाओं और पशुओं पर भी हमला किया।
घटना के बाद सभी घायल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई। कुछ घायलों ने निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया। घायलों में कंचन, पूजा, सुनीता, सुगनपाल, विजयपाल, शिवानी, बहादुर, अरमान, मदनलाल, मोहित, चंद्रावती, पिंकी, भावना, भगवानलाल, भगवान दास, विजय पाठक, आलिया सहित अन्य लोग शामिल हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश है। कुत्ते के आतंक से विशेष रूप से स्कूली बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।



