
📰 खबर सत्यवार्ता
संवाददाता, लालकुआँ
लालकुआँ। क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। पुलिस, प्रशासन, श्रम विभाग, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद समझौता हुआ।
वार्ता के दौरान श्रमिकों द्वारा रखी गई 14 सूत्रीय मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो प्रमुख मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। समझौते के बाद सभी श्रमिक काम पर लौट आए हैं और फैक्ट्री में कार्य पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया है।
वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे पूर्व राज्य मंत्री हरीश पनेरू सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया। इसके अलावा समाजसेवी पीयूष जोशी को भी पहले नजरबंद किया गया और बाद में घर से ही पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि श्रमिकों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार कुछ बाहरी तत्व कंपनी में तोड़फोड़ और हिंसा भड़काने की साजिश रच रहे थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने बैरियर तोड़ने, पुलिस कार्य में बाधा डालने और मजदूरों को उकसाने के आरोप में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



