
📰 खबर सत्यवार्ता
संवाददाता, रुद्रपुर
रुद्रपुर। जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्वयं निर्धारित पोर्टल पर मकान सूचीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि स्व-गणना की प्रक्रिया 10 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है, जो 24 अप्रैल तक जारी रहेगी। उन्होंने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि नागरिक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें और इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से न केवल सटीक आंकड़े उपलब्ध होंगे, बल्कि देश के विकास एवं योजनाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



