
अल्मोड़ा | संवाददाता
पीएम श्री जी.बी. पंत राजकीय इंटर कॉलेज, खुंट (अल्मोड़ा) में वार्षिक उत्सव एवं पूर्व छात्र समागम का भव्य आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कुमाऊनी लोक नृत्य एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया, जिन्हें खूब सराहा गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही, विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूर्व छात्र समागम के माध्यम से पुराने विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया।
अपने संबोधन में विधायक मनोज तिवारी ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कुंदन राम, आनंद सिंह बिष्ट, डॉ. दीप चंद्र जोशी, विनोद तिवारी, चंदन भोज, सुंदर भोज, मीना देवी, किरण तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं विद्यालय के पूर्व छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद बिष्ट, समस्त अध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और पूरा आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





