अल्मोड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित अल्मोड़ा जनसभा को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने बुधवार को अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत अल्मोड़ा से होगी और राहुल गांधी की जनसभा प्रदेश की राजनीति में नया संदेश देने का काम करेगी।
नगर के एक होटल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने का आह्वान करते हुए इसे उत्तराखंड के भविष्य से जुड़ा कार्यक्रम बताया।
भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले दस वर्षों से कुशासन, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का सामना कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि भाजपा के अपने कार्यकर्ता भी सरकार की नीतियों से असंतुष्ट हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में उनके विभिन्न जिलों के दौरों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी निजी तौर पर स्वीकार किया कि प्रदेश में बदलाव की जरूरत है और जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। शैलजा ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है और आगामी चुनावों में इसका जवाब वोट के माध्यम से देगी।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उत्तराखंड की पर्यटन नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। राज्य में पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और सरकार पर्यटकों की बढ़ती संख्या के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार लग रहे जाम ने सरकार की तैयारियों की पोल खोल दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और विज्ञापनों के माध्यम से विकास का दावा कर रही है, जबकि धरातल पर जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान परेशान हैं और महिलाओं की सुरक्षा तथा महंगाई जैसे मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं।
चुनावी तैयारियों पर बोलते हुए शैलजा ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनावों में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता मिलकर जनता के बीच जाएगा और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करेगा।
प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और युवाओं के भविष्य के लिए कांग्रेस की सरकार आवश्यक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा ऐतिहासिक होगी और इसका संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, नारायण पाल, हरीश धामी, भुवन कापड़ी तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



