धौलछीना। उत्तराखंड राज्य के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर), हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के गोविंद पिलख्वाल ने धौलछीना के ग्राम दयारी के तोक सगवाड़ा में हाल ही में आई आपदा से प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने राज्यमंत्री पिलख्वाल को क्षेत्र में उत्पन्न विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इस पर राज्यमंत्री ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावित लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोविंद पिलख्वाल ने पेयजल, विद्युत, राजस्व विभाग तथा विकासखंड भैंसियाछाना के अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर प्रभावित क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाना चाहिए।
राज्यमंत्री पिलख्वाल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र में जनहित और विकास को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करना सरकार का प्रथम कर्तव्य है।
आपदा प्रभावित दयारी-सगवाड़ा क्षेत्र का राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल ने किया दौरा
Leave a Comment
Leave a Comment



