निकेश उपाध्याय जिला महामंत्री संगठन, हरीकृष्ण खत्री संगठन मंत्री और सुमीत गुप्ता बने जिला उपाध्यक्ष
अल्मोड़ा। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर की संस्तुति के बाद नई नियुक्तियों की घोषणा की।
जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने बताया कि संगठन के विस्तार के तहत निकेश उपाध्याय को जिला महामंत्री संगठन, हरीकृष्ण खत्री को जिला संगठन मंत्री तथा सुमीत गुप्ता को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ ही व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने पर भी जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नए पदाधिकारी अपने अनुभव और सक्रियता से संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार सक्रियता के साथ कार्य करता रहेगा।



