भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं पर साधा निशाना, कहा—जनता को बयान नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में फिजिशियन की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी नेता भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगस्त माह में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती कर दी जाएगी। लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती नहीं हो सकी है।
भुवन जोशी ने कहा कि अगस्त में किया गया एक सप्ताह में फिजिशियन उपलब्ध कराने का दावा अब सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के बजाय अलग-अलग स्तरों से अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं।
आप नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बीच खुद को अधिक प्रभावशाली साबित करने और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक खींचतान का असर यदि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा पर पड़ता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय कोई राजनीतिक अखाड़ा नहीं, बल्कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राजनीतिक दावे और आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक और बेहतर उपचार की आवश्यकता है।
भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि अगस्त में एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की तैनाती का दावा किया गया था तो अब जनता को यह बताया जाना चाहिए कि वह फिजिशियन कहां है और जिला चिकित्सालय में उसकी तैनाती कब तक होगी।
उन्होंने कहा कि जनता पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से परेशान है। ऐसे में अलग-अलग दावों और बयानों से मरीजों की परेशानी कम होने के बजाय भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
आप नेता ने कहा कि यदि वास्तव में जनता के स्वास्थ्य की चिंता है तो बयानबाजी के बजाय सरकार पर दबाव बनाकर जिला चिकित्सालय में तत्काल फिजिशियन की तैनाती कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को राजनीतिक दावे नहीं, अस्पताल में डॉक्टर चाहिए।
फिजिशियन की तैनाती का एक सप्ताह का दावा अब सवालों के घेरे में
Leave a Comment
Leave a Comment



