अल्मोड़ा में सर्वदलीय बैठक, नए सांस्कृतिक दल सम्मानित, कुमाऊँ महोत्सव अध्यक्ष व वरिष्ठ लोक कलाकार का हुआ अभिनंदन
अल्मोड़ा।
श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब, अल्मोड़ा में लोक कलाकारों की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से जुड़े कलाकारों, रंगकर्मियों एवं सांस्कृतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हिमालय लोक कलाकार महासंघ के अध्यक्ष भैरव दत्त राय, सुंदर लटवाल, प्रकाश रावत, प्रकाश बिष्ट, प्रकाश भट्ट, डॉ. ललित जोशी ‘योगी’, बिमला बोरा एवं अनूप कुमार सहित अनेक वरिष्ठ कलाकार उपस्थित रहे।
बैठक में संस्कृति निदेशालय में पंजीकृत नए सांस्कृतिक दलों के दल-नायकों को सम्मानित किया गया। साथ ही कुमाऊँ महोत्सव–2026 के सफल आयोजन के लिए महोत्सव अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी तथा भारत सरकार के “लोक कलाकार साधक सम्मान” से सम्मानित वरिष्ठ लोक कलाकार प्रकाश बिष्ट का भी अभिनंदन किया गया।
वक्ताओं ने लोक कलाकारों के मानदेय में वृद्धि, लंबित भुगतान, लोक कलाकार पेंशन योजना, जीएसटी से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं तथा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के ऑडिशन की वैधता अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने की मांग प्रमुखता से उठाई। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित मानदेय वृद्धि को शीघ्र लागू करने की भी मांग की गई।
भैरव दत्त राय, सुंदर लटवाल, प्रकाश रावत, प्रकाश बिष्ट, प्रकाश भट्ट, डॉ. ललित जोशी ‘योगी’, बिमला बोरा और अन्य वक्ताओं ने कहा कि कलाकारों को संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।
बैठक का संचालन ललित बिष्ट ने किया। अंत में सभी कलाकारों ने लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं कलाकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



