
अल्मोड़ा।
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की लंबे समय से लंबित पड़ी समस्याओं के समाधान न होने से अभियंताओं में भारी रोष व्याप्त है। इसी क्रम में महासंघ के जनपद अल्मोड़ा के सदस्यों द्वारा चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए शक्ति सदन, अल्मोड़ा में एक महत्वपूर्ण जनपदीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभियंताओं ने स्पष्ट कहा कि शासन और सरकार स्तर पर बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद अब तक उनकी 27 सूत्रीय मांगों और समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
महासंघ द्वारा बताया गया कि यह आंदोलन उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के सभी घटक संघों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें लोक निर्माण विभाग (PWD), सिंचाई विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, कृषि विभाग, आवास विकास, पेयजल निगम, उत्तराखंड जल संस्थान, जिला पंचायत, लघु सिंचाई विभाग, शहरी विकास विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) सहित अन्य विभागों के जनपद अल्मोड़ा के समस्त डिप्लोमा अभियंताओं ने प्रतिभाग किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से पदोन्नति, वेतन विसंगति, सेवा शर्तों में सुधार, तकनीकी पदों की सुरक्षा, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती तथा विभागीय संरचना से जुड़ी समस्याएं लंबित हैं। इन मांगों को लेकर महासंघ द्वारा कई बार शासन और सरकार को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे अभियंताओं में गहरी नाराजगी है।
महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में दिनांक 18 फरवरी 2026 एवं 25 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी, अल्मोड़ा के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 23 फरवरी 2026 को देहरादून में सचिवालय तक एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से डिप्लोमा अभियंता भाग लेंगे।
आज आयोजित बैठक की अध्यक्षता ई. गोविंद सिंह मेहरा (जनपद अध्यक्ष) द्वारा की गई, जबकि संचालन ई. ललित मोहन बिष्ट ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से ई. दीपक सिंह मरियाली (मंडल सचिव, कुमाऊं), इं. अजय टम्टा (मंडल अध्यक्ष, PWD), कं. हिमांशु जोशी (मंडल सचिव, PWD), ई. रिनी पांडे (मंडल अध्यक्षा, PWD), ई. सूरज सिंह रावत, ई. शेखर पांडे, ई. हितांशी नैलवाल, इं. जीवेश वभि, इं. मनीष कुमार, ई. प्रकाश चंद, इं. गणेश जोगी, इं. धीरज जोशी, इं. गिरीश कोटलिया, ई. पंकज जीना, इं. कुंदन बिष्ट, ई. बोरेंड सिंह मेहता, इं. कमल पालिवाल, छ. प्रफुल्ल जोशी, इं. दीपक टम्टा सहित बड़ी संख्या में अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अभियंताओं ने एकजुटता के साथ आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।



